पीपलगोटा में लगा ब्लॉक स्तरीय शिविर, 78 आवेदन मिले
🍁
ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, मौके पर कराए जाति प्रमाण-पत्र संबंधी आवेदन पूरे
🍁
स्वास्थ्य जांच के साथ बच्चों को बांटी अध्ययन सामग्री
🍁
सिवनी मालवा। सतपुड़ा पर्वत श्रृंखला के आदिवासी अंचल के वन ग्राम पिपलगोटा में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 78 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक आवेदन जाति प्रमाण-पत्र से संबंधित रहे। संबंधित आवेदनों को मौके पर ही पूर्ण कराया गया।
पट्टे से जुड़ी समस्याओं पर हुई सुनवाई
🌴
ग्रामीणों ने पट्टे सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एसडीएम विजय राय और वन विभाग के रेंजर ने प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिन मामलों में आगे की कार्रवाई जरूरी थी, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया।
स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की जानकारी
🌴
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कैंप लगाया। ग्रामीणों की बीपी, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। विधायक, एसडीएम और जनपद अध्यक्ष ने भी स्वास्थ्य परीक्षण कराकर ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया।
गांव में ही प्रशासन से सीधा संवाद
🌴
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे प्रशासन और विभागीय अधिकारियों तक पहुंच उपलब्ध कराना रहा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
🍁
शिविर में विधायक प्रेमशंकर वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष रेणुका मंडलोई, एसडीएम विजय राय, नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान, पूर्व जनपद अध्यक्ष रघुवीर राजपूत व मृगेंद्र मंडलोई, वन विभाग के रेंजर, ग्राम सरपंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
🥀🌴🥀







